सिलचर नगर निगम चुनाव: 2, 3 और 6 अक्टूबर को ड्राई डे
गुवाहाटी, 19 सितंबर (हि.स.)। सिलचर नगर निगम चुनाव 2026 के मद्देनजर असम के राज्यपाल ने सिलचर नगर निगम क्षेत्र में 2 अक्टूबर, 3 अक्टूबर और 6 अक्टूबर को ड्राई डे घोषित किया है।
11 सितंबर, 2026 को जारी ईसीएफ संख्या 271931/801 के आदेश के तहत इन दिनों शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कब्जे, बिक्री, आपूर्ति, वितरण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135(सी) और असम आबकारी नियम, 2016 के नियम 326(ए) के तहत जारी किया गया है।
3 अक्टूबर को मतदान तथा उससे एक दिन पहले 2 अक्टूबर को ड्राई डे रहेगा। वहीं, 6 अक्टूबर को मतगणना पूरी होने तक ड्राई डे लागू रहेगा। यदि किसी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान होता है, तो उस दिन भी ड्राई डे लागू रहेगा।
अधिसूचित अवधि में सभी थोक गोदाम, आईएमएफएल खुदरा ‘ऑफ’ और ‘ऑन’ दुकानें, क्लब ‘ऑन’, होटल ‘ऑन’ तथा कंट्री स्पिरिट की दुकानें बंद रहेंगी।
आदेश में इस अवधि के दौरान निजी तौर पर शराब के भंडारण पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। बिना लाइसेंस वाले परिसरों में शराब रखने से संबंधित आबकारी कानून के प्रावधानों को सख्ती से लागू किया जाएगा।
आदेश का उल्लंघन करने पर असम आबकारी अधिनियम एवं नियमों तथा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135(सी) के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह कदम स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

