गुवाहाटी के सिजुबारी में अवैध गोमांस बिक्री का भंडाफोड़, 85 किलो से अधिक बरामद
गुवाहाटी, 27 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के सिजुबारी इलाके में आज एक दुकान से बड़ी मात्रा में गोमांस बरामद किया गया है। इस मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिजुबारी में लंबे समय से गोमांस की अवैध बिक्री हो रही थी। इसी सूचना के आधार पर आज पुलिस ने छापेमारी कर दुकान से 85.2 किलो गोमांस बरामद किया।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय बजरंग दल की गुवाहाटी महानगर जिला समिति की पहल के तहत यह गोमांस बरामद किया गया। बताया गया है कि संगठन के महासचिव महाकाल शर्मा के नेतृत्व में आज एक टीम ने हाथीगांव पुलिस की मदद से अभियान चलाया।
उल्लेखनीय है कि मोहम्मद रिज़वान कुरेशी अपने लाइसेंस का इस्तेमाल करके गोमांस की दुकान चला रहा था। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों से सघन पूछताछ कर रही है। लोगों ने कहा कि प्रशासन इलाके में गो मांस की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

