home page

सिद्धार्थ शंकर बरुवा की तूफानी पारी से डिब्रूगढ़ वॉरियर्स की पांच विकेट से जीत, सेमीफाइनल में प्रवेश

 | 
सिद्धार्थ शंकर बरुवा की तूफानी पारी से डिब्रूगढ़ वॉरियर्स की पांच विकेट से जीत, सेमीफाइनल में प्रवेश


गुवाहाटी, 16 अगस्त (हि.स.)। डिब्रूगढ़ वॉरियर्स ने रविवार को गुवाहाटी के असम क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में जोरहाट स्टैलियंस को पांच विकेट से हराकर इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल) के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। डिब्रूगढ़ सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी।

133 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए डिब्रूगढ़ वॉरियर्स ने 18.2 ओवर में पांच विकेट खोकर 134 रन बनाकर जीत दर्ज की। सिद्धार्थ शंकर बरुवा ने महज नौ गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिलाई। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 266.67 रहा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए जोरहाट स्टैलियंस ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन बनाए। निहार नरह बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि कप्तान स्वरूपम पुरकायस्थ ने 14 गेंदों पर 22 रन बनाए। राजवीर सिंह ने 33 गेंदों में 26 रन का योगदान दिया। राज्जाक उद्दीन अहमद 30 रन बनाकर नाबाद रहे।

डिब्रूगढ़ की ओर से रंजन बिकाश दास और कप्तान जितुमोनी कलिता ने तीन-तीन विकेट लिए। रंजन ने 35 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि कलिता ने चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए। सिद्धार्थ शंकर बरुआ ने भी दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए डिब्रूगढ़ ने परवेज मुशर्रफ को जल्द गंवा दिया। इसके बाद दिविज पाठक और ऋतुराज बिस्वास ने महत्वपूर्ण साझेदारी की। पाठक ने 26 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि ऋतुराज ने 37 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली। आयुष अग्रवाल ने 12 रन बनाए।

अंत में सिद्धार्थ शंकर बरुवा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नौ गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाए। कप्तान जितुमोनी कलिता नौ गेंदों में 12 रन बनाकर नाबाद रहे। डिब्रूगढ़ ने 10 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस जीत के साथ डिब्रूगढ़ वॉरियर्स के आठ मैचों में 12 अंक हो गए हैं और टीम एक बार फिर लीग तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। बराक लेजेंड्स 11 अंकों के साथ दूसरे और गुवाहाटी रॉयल्स 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

संक्षिप्त स्कोर:

जोरहाट स्टैलियंस: 132/8, 20 ओवर (राज्जाक उद्दीन अहमद 30*, राजवीर सिंह 26, वसीकुर रहमान 23, स्वरूपम पुरकायस्थ 22; रंजन बिकाश दास 3/35, जितुमोनी कलिता 3/12, सिद्धार्थ शंकर बरुवा 2/13)।

डिब्रूगढ़ वॉरियर्स: 134/5, 18.2 ओवर (ऋतुराज बिस्वास 38, दिविज पाठक 31, सिद्धार्थ शंकर बरुवा 24*, जितुमोनी कलिता 12*; वेदांत पांडे 2/19)।

नतीजा: डिब्रूगढ़ वॉरियर्स ने जोरहाट स्टैलियंस को पांच विकेट से हराया।------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश