जुबीन गर्ग हत्याकांड : श्यामकानु महंत की जमानत याचिका पर सुनवाई टली, अब 22 मई को होगी अगली सुनवाई
गुवाहाटी, 15 मई, (हि.स.)। चर्चित गायक जुबीन गर्ग से जुड़े बहुचर्चित हत्याकांड के मुख्य आरोपित श्यामकानु महंत की जमानत याचिका पर शुक्रवार को गौहाटी उच्च न्यायालय में सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। न्यायमूर्ति मिताली ठाकुरिया की पीठ में मामले की सुनवाई हुई।
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 मई की तारीख निर्धारित की है। मामले की संवेदनशीलता और चर्चित स्वरूप के कारण इस पर लोगों की नजर बनी हुई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 13 मई को न्यायमूर्ति पार्थिवज्योति सैकिया की एकल पीठ ने श्यामकानु महंत की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। वहीं, फास्ट ट्रैक कोर्ट ने भी 30 अप्रैल को आरोपपत्र पर विस्तृत सुनवाई के बाद उसकी जमानत अर्जी नामंजूर कर दी थी।
सूत्रों के अनुसार, पूर्व में याचिका खारिज होने के बाद महंत के अधिवक्ताओं ने गौहाटी उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार कार्यालय में आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर नई याचिका दायर की थी।
मामले के एक अन्य आरोपित सिद्धार्थ शर्मा की जमानत याचिका भी पहले ही खारिज की जा चुकी है। यह मामला अब भी पूरे असम में व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

