home page

“श्यामकानू ने जुबीन की हत्या नहीं की”: अनीता महंत

 | 
“श्यामकानू ने जुबीन की हत्या नहीं की”: अनीता महंत


गुवाहाटी, 22 अप्रैल (हि.स.)। चर्चित जुबीन गर्ग हत्या मामले में मुख्य आरोपित श्यामकानू महंत की पत्नी अनीता महंत ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि श्यामकानू महंत ने जुबीन की हत्या नहीं की है और उन्हें इस मामले में बेवजह फंसाया जा रहा है।

विशेष न्यायाधीश की अदालत के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए अनीता महंत ने कहा, “श्यामकानू महंत ने जुबीन की हत्या नहीं की। क्या यह उनकी गलती थी कि जुबीन को नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में असमिया संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करने के लिए ले जाया गया था। जुबीन अपनी इच्छा से गए थे। जुबीन ऐसे व्यक्ति नहीं थे, जिनसे उनकी इच्छा के विरुद्ध कुछ कराया जा सके।”

उन्होंने आगे कहा, “जुबिन गर्ग को सिंगापुर के एक बेहतरीन होटल में ठहराया गया था, जहां से मात्र 50 मीटर की दूरी पर विश्वस्तरीय अस्पताल मौजूद है। उन्हें जुबीन के यॉट पार्टी में जाने की जानकारी नहीं थी। यह कार्यक्रम में शामिल नहीं था। और याट पार्टी के वक्त श्यामकानू महंत लगभग 50 किलोमीटर दूर एक अन्य कार्यक्रम में थे।”

अनीता महंत ने यह भी कहा, “एक निर्दोष व्यक्ति को इतने लंबे समय तक जेल में रखना न्यायसंगत नहीं है, इससे जुबीन गर्ग की आत्मा भी आहत हो रही होगी।”

उल्लेखनीय है कि इस हत्या मामले के मुख्य आरोपित श्यामकानू महंत की जमानत याचिका पर आज सुनवाई हो रही है। जमानत के लिए उन्होंने गुवाहाटी के एक अधिवक्ता को नियुक्त किया है, जबकि इससे पहले इस मामले में कोलकाता के अधिवक्ता राजदीप बनर्जी उनकी पैरवी कर चुके हैं। राजदीप बनर्जी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मामले की पैरवी कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश