home page

होटल विलास इन गोलीकांड : पुलिस ने आरोपित के साथ कराया घटनास्थल का पुनर्निर्माण

 | 
होटल विलास इन गोलीकांड : पुलिस ने आरोपित के साथ कराया घटनास्थल का पुनर्निर्माण


गुवाहाटी, 2 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के होटल विलास इन में हुए गोलीकांड की जांच के तहत बीती रात पलटन बाजार पुलिस ने मुख्य आरोपित घनकांत गोगोई को साथ लेकर घटनास्थल का पुनर्निर्माण कराया। कड़ी सुरक्षा के बीच होटल पहुंचे घनकांत ने पुलिस अधिकारियों के सामने छह प्रतीकात्मक पुतलों की मदद से गोलीबारी की पूरी घटना का विवरण दिया।

पुनर्निर्माण के दौरान आरोपित के हाथ में पिस्तौल भी थी। उसने पुलिस को घटनाक्रम और गोलीबारी के दौरान हुई गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। जांच एजेंसियां घटना के क्रम और गोलीबारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

इधर, घनकांत गोगोई की पत्नी जॉनमणि गोगोई ने मीडिया के सामने दावा किया कि उनके पति ने आत्मरक्षा में छह लोगों को गोली मारी थी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि गोलीबारी की घटना के बाद घनकांत ने सबसे पहले उन्हें फोन किया था।

पुलिस ने रविवार को जॉनमणि से दिनभर पूछताछ की और रात करीब 12 बजे उन्हें जाने की अनुमति दी। जांचकर्ताओं ने उनके पास से गाड़ी की चाबी, मोबाइल फोन और होटल विलास इन से संबंधित समझौते के दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले की जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश