home page

असम के बदलाव को लेकर शिवराज सिंह चौहान का दावा, रंगिया में भाजपा के समर्थन में जनसभा

 | 
असम के बदलाव को लेकर शिवराज सिंह चौहान का दावा, रंगिया में भाजपा के समर्थन में जनसभा


गुवाहाटी, 28 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुवाहाटी पहुंचने के बाद शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए, जहां उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ-साथ चुनावी जनसभा को भी संबोधित किया।

गुवाहाटी पहुंचने पर उन्होंने कामाख्या मंदिर की पावन भूमि पर सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और धरती को समृद्ध बनाने का आह्वान किया।

इसके बाद उन्होंने असम के रंगिया विधानसभा क्षेत्र के तरनी में भाजपा प्रत्याशी भबेश कलिता के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि असम ने बीते वर्षों में “डर के माहौल” से निकलकर विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि पहले कई क्षेत्रों में सुरक्षा कारणों से पहुंचना मुश्किल होता था, लेकिन अब स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने राज्य में आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेज विकास का भी उल्लेख किया।

आर्थिक प्रगति पर जोर देते हुए चौहान ने कहा कि असम अब सेमीकंडक्टर हब के रूप में उभरने की क्षमता रखता है, जो राज्य के लिए एक नई दिशा का संकेत है।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्व की नीतियों ने असम को नुकसान पहुंचाया। विभाजन काल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय असम को पाकिस्तान को सौंपने का प्रस्ताव था, जिसे राज्य के पहले मुख्यमंत्री गोपीनाथ बरदलै ने रोका।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की भी आलोचना करते हुए कहा कि उस समय असम के मुद्दों को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी गई। साथ ही, अवैध घुसपैठ के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे राज्य की पहचान और सामाजिक संरचना पर असर पड़ा है।

उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह चौहान बीती रात गुवाहाटी पहुंचे थे और राज्य में चुनाव प्रचार कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश