मेघालय में भूस्खलन से शिलांग–दावकी मार्ग बंद, यातायात ठप
शिलांग, 21 जून (हि.स.)। मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में शिलांग–दावकी मार्ग पर हुए बड़े भूस्खलन के कारण सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन ने लैतल्यंगकोट गांव से आगे सभी प्रकार के सार्वजनिक एवं वाहनों के आवागमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जिला प्रशासन के अनुसार, शिलांग–दावकी मार्ग के चेनज 25+200 बिंदु पर भूस्खलन होने से सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लैतल्यंगकोट गांव के आगे का संपर्क कट गया है।
पूर्वी खासी हिल्स के उपायुक्त द्वारा जारी सूचना में बताया गया है कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित मार्ग को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने प्रशासन को सूचित किया है कि क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन नुकसान अधिक होने के कारण इसे पूरा होने में कुछ दिन लग सकते हैं।
प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे लैतल्यंगकोट गांव से आगे शिलांग–दावकी मार्ग पर यात्रा करने से बचें तथा आगे की जानकारी के लिए आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। प्रतिबंध अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

