home page

अमित शाह का अरुणाचल दौराः प्रदेश महिला कांग्रेस ने राज्य के तीन बड़े मुद्दों के समाधान की उठायी मांग

 | 

इटानगर, 21 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी महिला कमेटी ने राज्य के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया और उनसे अरुणाचल प्रदेश में चल रहे विभिन्न मुद्दों का समाधान निकालने का आग्रह किया है।

आज इटानगर के कांग्रेस भवन में मीडिया से बात करते हुए, प्रदेश महिल कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चुकू नाची ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अरुणाचल प्रदेश के दौरे का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अपने दौरे के दौरान शाह राज्य के तीन प्रमुख मुद्दों का समाधान के लिए कदम उठाएंगे। इनमें अरुणाचल प्रदेश में चीनी पीएलए की घुसपैठ का मुद्दा शामिल है। साथ ही, उन्होंने यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या वे 'सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट' से जुड़े विवाद और असम-अरुणाचल प्रदेश के बीच लंबे समय से लंबित सीमा विवाद की समस्या का कोई समाधान के लिए कदम उठाएंगे।

उन्होंने सवाल किया, आप किस मकसद से अरुणाचल प्रदेश आए हैं? क्या आप सियांग मुद्दे का समाधान लेकर आए हैं? क्या आप राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करने आए हैं? या फिर आप असम-अरुणाचल सीमा विवाद को सुलझाने आए हैं?

उन्होंने कहा, ये अरुणाचल प्रदेश के बड़े मुद्दे हैं, और अगर वे इनका समाधान करते हैं, तो राज्य का उनका यह दौरा सफल माना जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी