तामुलपुर में शुरू हुआ ‘सेवा सेतु अभियान’
-सरकारी सेवाओं को लोगों की चौखट तक पहुंचाने की जिला प्रशासन की पहल
तामुलपुर (असम), 01 अक्टूबर (हि.स.)। तामुलपुर जिला प्रशासन की ओर से आम जनता की सुविधा के लिए ‘लोगों की चौखट पर सरकार’ के उद्देश्य के साथ ‘सेवा सेतु अभियान’ शुरू किया गया है। इस अभियान के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
अभियान के तहत सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन स्वीकार करने, विभिन्न समस्याओं के समाधान तथा तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तामुलपुर जिले के तीन विकास खंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गोरेश्वर विकास खंड में आज से शिविर शुरू हो गया है। शिविर की जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी मुकुल बसुमतारी को दी गई है।
इसी क्रम में नाग्रीजुली विकास खंड परिसर में 03 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के प्रभारी खंड विकास अधिकारी सरवर्दी मियां होंगे। वहीं, तामुलपुर विकास खंड के अंतर्गत 05 अक्टूबर को तामुलपुर दुर्गा मंदिर परिसर में सुबह 10 बजे से शिविर लगाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी देव कुमार बसुमतारी को दी गई है।
इन शिविरों में अरुणोदय, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान भारत, राशन कार्ड एवं खाद्य सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, ई-श्रम एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं, हर घर जल (जल जीवन मिशन) तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविरों में उपस्थित रहकर आम लोगों को योजनाओं और सेवाओं से संबंधित जानकारी तथा आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे। तामुलपुर जिला प्रशासन ने जिले के लोगों से निर्धारित तिथियों पर शिविरों में उपस्थित होकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

