home page

गुवाहाटी में जल भराव के बीच मिला कटा हुआ पैर, इलाके में सनसनी

 | 

गुवाहाटी, 29 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी में बुधवार सुबह से हो रही मूसलधार बारिश के कारण कई इलाकों में फिर से कृत्रिम बाढ़ की स्थिति बन गई। इसी बीच शहर में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना उस समय सामने आई जब पानी में तैरता हुआ एक कटा पैर दिखा, जिसने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गुवाहाटी के बामुनीमैदाम स्थित कॉलेज रोड पर स्थानीय लोगों ने एक भयावह दृश्य देखा। लगातार बारिश के कारण सड़क घुटनों तक पानी में डूबी हुई थी। इसी दौरान पानी में तैरते कचरे के बीच एक कटा हुआ पैर दिखाई दिया, जिसे देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और कटे हुए पैर को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में भारी सनसनी फैल गई है।

वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और इस घटना के पीछे की सच्चाई का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और कृत्रिम बाढ़ की समस्या के बीच इस तरह की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश