home page

बशिष्ठ पुलिस की बड़ी सफलता, सात कुख्यात डकैत गिरफ्तार

 | 

गुवाहाटी, 22 मई, (हि.स.)। गुवाहाटी की बशिष्ठ पुलिस ने एक बड़े अभियान में सात कुख्यात डकैतों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने हाजो, नलबाड़ी, आदाबाड़ी और नौ-माइल इलाके में चलाए गए समन्वित अभियान के दौरान डकैतों के इस गिरोह को दबोचा। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह राज्य के विभिन्न हिस्सों में आतंक फैलाने और कई आपराधिक घटनाओं में शामिल था।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अब्दुल्ला अली, जाकिर अली, अली, चांद मोहम्मद अली, मोस्तफा अहमद, काफिलुद्दीन अली और बादशाह अली के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरोह मवेशी चोरी, डकैती और अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त था। जांच के दौरान गिरोह के एटीएम लूट की घटनाओं में भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे चुके हैं। मवेशी चोरी की घटनाओं से जुड़े सीसीटीवी फुटेज में गिरोह के सदस्यों की गतिविधियां कैद हुई थीं।

अभियान के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक चारपहिया वाहन जब्त किया, जिसका उपयोग अपराध में किए जाने का संदेह है। इसके अलावा पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई रस्सियां, धारदार हथियार, नकदी और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

गिरफ्तार सभी आरोपियों से बशिष्ठ पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश