कोकराझार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिक्षा, दिव्यांग कल्याण और सड़क सुरक्षा पर जोर
कोकराझार (असम), 03 अक्टूबर (हि.स.)। कोकराझार जिले में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिक्षा, सामाजिक समावेशन, कल्याण, सड़क सुरक्षा और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
अभियान के तहत शिक्षा विभाग की ओर से जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एलएसी स्तरीय कला, क्विज और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज कोकराझार एजुकेशन ब्लॉक द्वारा पीएम श्री कोकराझार गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में एलएसी स्तरीय क्विज, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में विधायक सेवली मोहिलारी और एमसीएलए धनेश्वर गयारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी ज्ञान, प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ मोटर वाहन नियमों एवं यातायात कानूनों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
वहीं, अभियान के अंतर्गत फकीराग्राम कॉलेज में दिव्यांगजनों के लिए स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। एलिम्को के सहयोग से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें उपयुक्त सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करना था। शिविर को कोकराझार स्थित द हंस फाउंडेशन का भी सहयोग प्राप्त हुआ। इस दौरान करीब 150 दिव्यांगजनों की स्क्रीनिंग की गई, जिससे उनकी आवश्यकताओं का आकलन कर उपयुक्त सहायक उपकरणों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिली।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इन विभिन्न पहलों के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा, सामाजिक समावेशन, जनकल्याण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के प्रति जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

