संकल्प अभियान के तहत कामरूप (मेट्रो) में आशा कार्यकर्ताओं और सुपरवाइज़रों का सम्मान
गुवाहाटी, 12 अक्टूबर (हि.स.)
कामरूप (मेट्रो)जिले की आशा कार्यकर्ताओं और आशा सुपरवाइज़रों द्वारा प्रदान की जा रही महत्वपूर्ण सेवाओं को औपचारिक मान्यता देने के उद्देश्य से 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जिले में आयोजित सम्मान समारोह का आज दूसरा दिन है। इस कार्यक्रम में उनकी निष्ठा और योगदान की मान्यता स्वरूप 1,000 रुपये की एकमुश्त प्रेरणादायक वित्तीय सहायता और मुख्यमंत्री के हस्ताक्षरयुक्त प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर आज दिसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत असम वाटर सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रद्युत बोरदोलोई ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और आशा कार्यकर्ताओं को चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में कुल 120 आशा कार्यकर्ताओं को चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
दूसरी ओर, गुवाहाटी सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के अधीन कुमारपारा सनातन नामघर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक विजय कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उक्त कार्यक्रम में कुल 70 आशा कार्यकर्ताओं को चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

