सेवा संकल्प अभियान: कल असम में भाजपा निकालेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा, वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
गुवाहाटी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 7 अक्टूबर को असम सहित देशभर में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ आयोजित की जाएगी। भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष राकेश दास ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेन्द्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसी अवसर को ध्यान में रखते हुए सेवा, संकल्प और जनसेवा से राष्ट्रसेवा की भावना पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता मिता नाथ बोरा ने बताया कि असम में राज्य के विभिन्न हिस्सों में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें वरिष्ठ महिला कार्यकर्ता और युवा कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया, केंद्रीय एवं राज्य मंत्री, सांसद, विधायक तथा वरिष्ठ संगठनात्मक नेता अलग-अलग स्थानों पर यात्रा में शामिल होंगे।
पार्टी के अनुसार राज्य के 33 जिलों एवं संगठनात्मक क्षेत्रों में वरिष्ठ राजनीतिक और संगठनात्मक नेताओं की भागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गुवाहाटी में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ज्योति-बिष्णु राभा स्थल पर कार्यक्रम में शामिल होंगे। डिब्रूगढ़ में केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, मंत्री बिमल बोरा और प्रदेश महासचिव ऋतुपर्ण बरुवा, जबकि जोरहाट में केंद्रीय मंत्री पबित्र मार्घेरिटा और प्रदेश सचिव सिद्धांकु अंकुर बरुवा भाग लेंगे।
इसके अलावा बजाली, बाक्सा, बरपेटा, बिश्वनाथ, बंगाईगांव, कछार, चराईदेव, चिरांग, दरंग, धेमाजी, धुबड़ी, डिमा हसाओ, ग्वालपाड़ा, गोलाघाट, हैलाकांदी, होजाई, कार्बी आंगलोंग पूर्व एवं पश्चिम, उत्तर कामरूप, कोकराझाड़, लखीमपुर, माजुली, दक्षिण सालमारा-मानकाचर, नलबाड़ी, शिवसागर, श्रीभूमि, शोणितपुर, तामुलपुर, तिनसुकिया और उदालगुड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में भी वरिष्ठ नेता कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

