home page

बाढ़ प्रभावित शिवसागर में सेवा भारती का राहत एवं गृह-संपर्क अभियान जारी

 | 
बाढ़ प्रभावित शिवसागर में सेवा भारती का राहत एवं गृह-संपर्क अभियान जारी


शिवसागर (असम), 30 अक्टूबर (हि.स.)। हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित शिवसागर जिले के विभिन्न इलाकों में सेवा भारती पूर्वांचल का राहत वितरण और गृह-संपर्क अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। संगठन के 18 कार्यकर्ताओं ने तीन दलों में विभाजित होकर नेपाली खूंटी गांव सहित जिले के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति, समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली।

अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने बाढ़ में अपनी पत्नी को खोने वाले राजेन पानिका के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। पानिका ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बाढ़ के बाद लोगों से मिले सहयोग और सहायता ने उन्हें कठिन परिस्थितियों से उबरने में काफी मदद की। उन्होंने कहा कि लोगों से बातचीत और उनका साथ मिलने से उन्हें मानसिक राहत मिली है। अन्यथा विभिन्न चिंताओं के कारण उनकी परेशानी और बढ़ सकती थी।

उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से उन्हें कुछ आर्थिक सहायता मिली है, लेकिन क्षेत्र में पेयजल की समस्या अब भी बनी हुई है। इसके अलावा, उनकी सब्जी की खेती वाली जमीन पर बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए पत्थर और रेत जमा हो गए हैं, जिससे अब वह जमीन खेती योग्य नहीं रह गई है। उन्होंने इस स्थिति पर चिंता जताई।

सेवा भारती पूर्वांचल के इस अभियान का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, उनकी समस्याओं को समझना तथा जरूरत के अनुसार सहायता और सहयोग उपलब्ध कराने के लिए उनके साथ खड़ा रहना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश