जोरहाट में सनसनीखेज डकैती, अकेली वृद्धा को हथियार दिखाकर लूटा
जोरहाट (असम), 03 जून (हि.स.)। असम के जोरहाट जिले के ज्योतिपुर कलाखोवा क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज डकैती की घटना ने इलाके में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। बीती रात डकैतों ने अकेली रह रही वृद्ध महिला रूबी पात्र को हथियार दिखाकर उनके घर में लूटपाट की।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय रूबी पात्र घर में अकेली थीं। इसी दौरान कुछ बदमाश घर में घुस आए और उन्हें हथियारों से धमकाया। आरोप है कि डकैतों ने महिला की गर्दन पर धारदार हथियार रखकर उन्हें भयभीत किया और घर में रखी नकदी तथा सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। विशेष रूप से अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों ने गहरी चिंता व्यक्त की है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

