home page

गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हंगामा : ‘पैसा नहीं तो अस्पताल मत आओ’ का आरोप

 | 
गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हंगामा : ‘पैसा नहीं तो अस्पताल मत आओ’ का आरोप


गुवाहाटी, 30 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (जीएमसीएच) में एक अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने का मामला सामने आया है। अस्पताल के सीएन सेंटर के कर्मचारियों पर मरीज के परिजनों के साथ मारपीट करने और उनका मोबाइल फोन तोड़ने का आरोप लगा है। बेहतर इलाज की उम्मीद में आए एक गरीब परिवार को अस्पताल में कड़वे अनुभव का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, डिफू चिकित्सा महाविद्यालय से पंकज विश्वास नामक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में जीएमसीएच रेफर किया गया था। बीती देर रात उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सीएन सेंटर में भर्ती करने के बाद कई जांच कराने को कहा गया। आरोप है कि काउंटर पर भुगतान में देरी होने पर अस्पताल के कर्मचारियों ने परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। वहीं, एक डॉक्टर पर भी दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।

घटना के दौरान हीरक दास और राहुल अली नामक दो ट्रॉली पुलरों ने कथित तौर पर मरीज के परिजनों का मोबाइल फोन तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि उन्हें यह तक कहा गया कि यदि पैसे नहीं हैं तो मरीज को अस्पताल न लाएं।

इधर, घटना को लेकर मरीज और परिजनों ने भंगागढ़ थाने में डॉक्टर और कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जानकारी मिलने पर जीएमसीएच अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मौके पर पहुंचे और तुरंत एंबुलेंस के जरिए पंकज विश्वास के उपचार की व्यवस्था दोबारा सुनिश्चित कराई।

वहीं, परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रॉली पुलर हीरक दास और राहुल अली को हिरासत में ले लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश