पूसीरे ने सीनियर इंस्टीट्यूट को विश्व स्तरीय सुविधा में किया अपग्रेड
गुवाहाटी, 04 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने मालीगांव स्थित सीनियर इंस्टीट्यूट को रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ आधुनिक संसाधनों में अपग्रेड कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस नवीनीकृत और पुनर्विकसित इंस्टीट्यूट का नाम असम की सबसे कम उम्र की स्वतंत्रता सेनानी कनकलता बरुवा की याद में “कनकलता भवन” रखा गया है, जिन्होंने भारत की आज़ादी की लड़ाई में सर्वोच्च बलिदान दिया था। ये आधुनिक सुविधाएं रेल कर्मियों को विभिन्न सामाजिक समारोहों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को एक प्रतिष्ठित और बेहतर रूप से सुसज्जित माहौल में मनाने की सुविधा प्रदान करेगी।
इसके अलावा, इस परिसर के अंदर नवीनीकृत एक कम्युनिटी हॉल को विष्णु प्रसाद राभा को समर्पित किया गया है। बिष्णु प्रसाद राभा असम के एक महान सांस्कृतिक हस्ती थे, जिनका कला, संगीत और सामाजिक सुधार में काफी बड़ा योगदान भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। कम्युनिटी हॉल में सामाजिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सामुदायिक गतिविधियां की सुविधा होंगी, जो रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक खास स्थान होगा।
इसके अलावा, भवन कैंपस के अंदर बच्चों के खेलने की जगह भी बनाई गई है। इसका नाम “नाहर उद्यान” रखा गया है। यह बच्चों के लिए एक सुरक्षित और जीवंत मनोरंजन का स्थान है। यह पहल कर्मचारियों के कल्याण के लिए रेलवे के पूरे नज़रिए को प्रदर्शित करती है, जिसमें यह सुनिश्चित किया गया है कि परिवार के सदस्यों को भी बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कम्युनिटी सुविधाओं का लाभ मिले।
पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने 03 मार्च को इन अपग्रेडेड सुविधाओं का उद्घाटन किया। महाप्रबंधक ने इस बात पर ज़ोर दिया कि कर्मचारी कल्याण, पूसीरे के लिए काफी आवश्यक है। आधुनिक संस्थान, बेहतर अस्पताल और नवीनीकृत स्कूलों सहित अपग्रेडेड इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर सुविधाएं देकर, इस रेलवे का उद्देश्य अपने कर्मचारियों का हौसला बढ़ाना है। ऐसे पहलों से कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी अधिक कुशलता, लगन और गर्व के साथ करने को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह पहल कर्मचारी कल्याण के प्रति रेलवे के पूरे नज़रिए को प्रदर्शित करती है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि परिवार के सदस्यों को भी बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कम्युनिटी सुविधाओं का लाभ मिले।
अपग्रेडेड हॉस्पिटल, नवीनीकृत स्कूल और बेहतर संस्थागत सुविधाएं प्रदान कर पूसीरे, कर्मचारी कल्याण को सुदृढ़ करने को प्रतिबद्ध है। ऐसे प्रगतिशील उपायों का उद्देश्य कर्मचारियों का हौसला बढ़ाना, अधिक निपुणता को बढ़ावा देना और सेवा उत्कृष्टता के प्रति सर्मपण को मज़बूत करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

