home page

चुनाव से पहले 650 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती

 | 
चुनाव से पहले 650 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती


गुवाहाटी, 05 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव आयोग ने सामान्य चुनाव और उप-चुनाव 2026 के मद्देनजर की गई कार्रवाई में जब्त की गई सामग्रियों का कुल मूल्य 650 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जो निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी का संकेत है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आयोग ने प्रदेशों के मुख्य सचिवों, मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस महानिदेशकों और प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों के साथ कई समीक्षा बैठकें की हैं। इन बैठकों में हिंसा, भय और प्रलोभन से मुक्त चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निगरानी को मजबूत करने के लिए 5,173 फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किए गए हैं, जो 100 मिनट के भीतर शिकायतों का समाधान करेंगे। इसके अलावा, विभिन्न स्थानों पर अचानक जांच के लिए 5,200 से अधिक स्टैटिक सर्विलांस टीमें (एसएसटी) भी तैनात की गई हैं।

आयोग ने बताया कि 26 फरवरी 2026 को चुनावी जब्ती प्रबंधन प्रणाली शुरू होने के बाद से 5 अप्रैल 2026 तक कुल 651.51 करोड़ रुपये की जब्ती की गई है। इसमें असम में 97 करोड़ रुपये की जब्ती दर्ज की गई।

कुल जब्ती में 53.2 करोड़ रुपये नकद, 79.3 करोड़ रुपये की शराब, 230 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ, 58 करोड़ रुपये के बहुमूल्य धातु और 231.01 करोड़ रुपये के फ्री उपहार एवं अन्य सामग्री शामिल हैं।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि तलाशी और जांच के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या उत्पीड़न न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए जिला स्तर पर शिकायत निवारण समितियां भी गठित की गई हैं।

आयोग ने कहा कि नागरिक और राजनीतिक दल ईसीआईईटी के सी-विजिल मॉड्यूल के माध्यम से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश