अलीपुरद्वार मंडल में पूसीरे के महाप्रबंधक ने किया सुरक्षा निरीक्षण
कोकराझार (असम), 07 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलीपुरद्वार मंडल का सुरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान अलीपुरद्वार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) देवेंद्र सिंह पूरे निरीक्षण कार्यक्रम में उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण से पूर्व महाप्रबंधक ने बासुगाांव से अलीपुरद्वार जंक्शन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान रेल खंड में रेलवे ट्रैक, पुल, ओवरहेड विद्युत प्रतिष्ठानों तथा अन्य रेलवे परिसंपत्तियों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रेल परिचालन की सुरक्षा एवं संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी समीक्षा की गई।
महाप्रबंधक ने अलीपुरद्वार जंक्शन स्टेशन यार्ड, कैरिज एंड वैगन डिपो तथा मल्टी डिसिप्लिनरी जोनल ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित पिट लाइन, बायो-टॉयलेट प्रयोगशाला, कैरिज एंड वैगन मॉडल-सह-कर्मचारी प्रशिक्षण कक्ष, ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग मॉडल रूम, आईपी एक्सचेंज तथा एआई-सक्षम स्मार्ट लर्निंग सेंटर का उद्घाटन किया।
इसके अलावा श्रीवास्तव ने अलीपुरद्वार जंक्शन में प्रस्तावित मल्टीडिसिप्लिनरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखी। इस अवसर पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव, आधुनिक तकनीक के उपयोग, कर्मचारियों के प्रशिक्षण तथा सुरक्षित एवं सुचारु रेल परिचालन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

