home page

गुवाहाटी में कड़ी सुरक्षा के बीच कल होगा हिमंत बिस्व सरमा का शपथ ग्रहण

 | 
गुवाहाटी में कड़ी सुरक्षा के बीच कल होगा हिमंत बिस्व सरमा का शपथ ग्रहण


गुवाहाटी, 11 मई, (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री के रूप में डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के शपथ ग्रहण समारोह से पहले गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित वेटरिनरी कॉलेज मैदान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। समारोह 12 मई को सुबह 11:40 बजे आयोजित होगा।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां जारी हैं। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, राजग सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा राज्यभर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

मैदान और उसके आसपास पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए हैं तथा सुरक्षा जांच चौकियां स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इससे पहले असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री नियुक्त किया। इस संबंध में असम सरकार के संसदीय कार्य विभाग द्वारा अधिसूचना जारी की गई।

अधिसूचना में कहा गया है कि राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 164 की धारा (1) के अंतर्गत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए डॉ. सरमा को असम का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाले गठबंधन की प्रचंड जीत के बाद डॉ. सरमा ने नई सरकार गठन का दावा पेश किया था।

मुख्य सचिव डॉ रवि कोटा द्वारा हस्ताक्षरित अधिसूचना को संवैधानिक प्राधिकरणों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश