मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बरामद किया भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद
चंदेल (मणिपुर), 20 मार्च (हि.स.)।मणिपुर के चंदेल जिले के मोलचाम थाना क्षेत्र अंतर्गत मोलचाम गांव के आसपास के इलाके में गुरुवार को सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए एक अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण बरामद किए गए।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक एके-47 राइफल दो मैगजीन के साथ तथा एक 9 मिमी कार्बाइन मशीन गन (सीएमजी) एक मैगजीन सहित बरामद की। इसके अलावा दो ग्रेनेड डेटोनेटर और दो ग्रेनेड भी जब्त किए गए।
बरामद सामग्री में विभिन्न हथियारों के दो अन्य मैगजीन तथा कुल 194 राउंड गोलियां भी शामिल हैं। इसके साथ ही पांच बाओफेंग वीएचएफ रेडियो सेट और पांच यूएसबी चार्जर भी बरामद किए गए, जिससे इनके संभावित उपयोग को लेकर संदेह जताया जा रहा है।
सुरक्षा बलों ने सभी बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, इन हथियारों के स्रोत और उपयोग के उद्देश्य का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

