स्वतंत्रता दिवस से पहले मणिपुर में हथियारों का जखीरा बरामद, कई गिरफ्तार
इंफाल, 15 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर मणिपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा चलाए गए अलग-अलग अभियानों में बड़ी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किए गए तथा कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
14 अगस्त को चुराचांदपुर जिले के सेहकेन-खुगा डैम क्षेत्र में प्रथम आईआरबी की गश्ती टीम ने तलाशी अभियान के दौरान एक स्थानीय निर्मित सिंगल बैरल बंदूक, एक स्थानीय निर्मित एसएमसी कार्बाइन, एक स्थानीय निर्मित .32 पिस्तौल, .32 पिस्तौल के छह जिंदा कारतूस, दो बाओफेंग हैंड-हेल्ड सेट और एक इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार (पंपी) बरामद किया।
एक अन्य अभियान में, माओ पुलिस थाना, सेनापति की टीम ने एनसीबी के कई एनडीपीएस मामलों में वांछित मोरे वार्ड नंबर-दो निवासी राजू डोमानी को हिरासत में लिया। बाद में उसे एनसीबी की इम्फाल जोनल यूनिट को सौंप दिया गया। इस दौरान एक हुंडई क्रेटा कार भी जब्त कर एनसीबी को सौंप दी गई।
इसी तरह 14 अगस्त को सशस्त्र समूहों द्वारा हथियार एवं गोला-बारूद छिपाए जाने की विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीडीओ यूनिट-काकचिंग, अरोंग पुलिस थाना और 46 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने अरोंग पुलिस थाना क्षेत्र के डबल खोंग मरिफांगबी नहर इलाके में तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक 9 एमएम पिस्तौल, एक .303 एलएमजी, तीन इंसास राइफल, चार सिंगल बैरल बंदूकें, विभिन्न हथियारों की 30 मैगजीन, अलग-अलग कैलिबर के 2,156 जिंदा कारतूस और 157 खाली खोखे बरामद किए गए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले एहतियाती सुरक्षा उपायों के तहत सीडीओ-बिष्णुपुर की टीमों ने ख्वैराकपान इलाके में व्यापक जांच और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पीएलए के सक्रिय कैडर 32 वर्षीय राहुल लामाबाम उर्फ मीराबा को गिरफ्तार किया गया। वह बिष्णुपुर वार्ड नंबर-10 के चिंगदोंग जयपुर खुनौ का रहने वाला है।
वहीं, उखरुल महिला पुलिस थाने की टीम ने पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में वांछित आरोपित सलीम इलियास लस्कर को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से चांदपुर पार्ट-तीन, कछार, असम का रहने वाला है और वर्तमान में ग्रीनलैंड, उखरुल में रह रहा था।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर मणिपुर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों की निगरानी, तलाशी और जांच अभियान लगातार तेज किए गए हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

