मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, हथियार, मादक पदार्थ और नकदी बरामद; कई उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल, 26 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियारों, विस्फोटकों, मादक पदार्थों और ड्रग तस्करी से जुड़ी नकदी बरामद की। इस दौरान प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के कई सक्रिय कैडरों को भी गिरफ्तार किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि उखरूल जिले के लितान थाना क्षेत्र के शंगकाई और मोंगकोट चेपु गांव तथा आसपास के इलाकों में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक स्थानीय निर्मित पोम्पी गन, एक 12 बोर राइफल, विभिन्न कैलिबर के नौ जिंदा कारतूस, एक देसी मोर्टार शेल और एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया।
एक अन्य कार्रवाई में एनएच-37 स्थित पटसोई लामखाई के हाईवे ऑटो केयर वर्कशॉप पर छापेमारी कर वहां खड़ी एक पजेरो (एमएन-07डी-3481) से 346 ग्राम ब्राउन शुगर के 30 साबुनदानी पैकेट बरामद किए गए। मामले में वर्कशॉप के सह-मालिक उड़ीसा निवासी शेख सलाउद्दीन (46) और पटसोई पार्ट-4 निवासी चोंगथम अनिलकुमार सिंह (38) को गिरफ्तार किया गया।
इसी दिन मणिपुर पुलिस ने थौबल बाजार से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूएनएलएफ (पी) के दो सक्रिय कैडरों मुतुम सैताराज सिंह उर्फ समलांग (31) और थौनाओजाम राकेश मैतेई उर्फ अमुबा उर्फ पंगेइंगाक्पा (35) को गिरफ्तार किया। दोनों संगठन के लिए नए कैडरों की भर्ती में शामिल थे। उनके कब्जे से एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार भी जब्त की गई।
वहीं, इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र के कोंगपाल खोंगखाम लेइकाई से केसीपी (सिटी मैतेई) के सक्रिय कैडर याइखोम अभिनाश मीती उर्फ नाओबा उर्फ अबी (26) को गिरफ्तार किया गया।
मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत चुराचांदपुर थाना में दर्ज एनडीपीएस अधिनियम के एक मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने गाउचिनखुप वेंग, न्यू लामका निवासी श्रीमती जेन्नगैहनियांग (56) को गिरफ्तार किया। उनके पास से ड्रग तस्करी से अर्जित होने का संदेह वाली 28,78,400 रुपये की नकदी, पांच कैश रजिस्टर और एक कैश काउंटिंग मशीन बरामद की गई। जांच में सामने आया है कि वह म्यांमार में ड्रग कारोबार से जुड़े संदिग्ध लोगों को बड़ी रकम भेजने में शामिल थीं।
एक अन्य अभियान में इंफाल पश्चिम जिले के लामसांग थाना क्षेत्र के अखाम-लामदेंग मार्ग से सुरक्षा बलों ने दो संशोधित .303 राइफलें, चार बोल्ट एक्शन सिंगल बैरल बंदूकें, चार 9 एमएम पिस्तौल, एक चीनी हैंड ग्रेनेड तथा 15 कारतूस बरामद किए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

