home page

इंफाल पूर्व में सुरक्षा बलों ने किया हथियारों का जखीरा और संदिग्ध आईईडी बरामद

 | 
इंफाल पूर्व में सुरक्षा बलों ने किया हथियारों का जखीरा और संदिग्ध आईईडी बरामद


इंफाल, 08 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में सुरक्षा बलों ने शनिवार को खेमा आरक्षित वन क्षेत्र में बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, संदिग्ध आईईडी और युद्धक सामग्री बरामद की। यह बरामदगी नेपेट पल्लि स्थित वन बीट अधिकारी के कार्यालय के पास से की गई।

बरामद सामग्री में चार 9 एमएम पिस्तौल और प्रत्येक के साथ मैगजीन, दो सिंगल बैरल बंदूकें, करीब 4.6 किलोग्राम वजन का एक संदिग्ध आईईडी तथा 14 ग्रेनेड शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न कैलिबर के 162 जिंदा कारतूस, 26 खाली खोखे और दो अतिरिक्त मैगजीन भी बरामद किए गए।

सुरक्षा बलों ने दो स्टन शेल, एक रबर बुलेट और सैन्य वर्दी से जुड़ी सामग्री भी बरामद की। इनमें सिंगल बीपी आयरन प्लेट, बीपी जैकेट कवर, एम्युनिशन चार्जर, संचार उपकरण तथा अन्य सामान शामिल हैं।

इस बीच, मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित उस खबर को झूठा और निराधार बताया है, जिसमें दावा किया गया था कि मणिपुर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मधुमक्खी ने काट लिया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, डीजीपी पूरी तरह स्वस्थ हैं और सामान्य रूप से अपने आधिकारिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों को प्रसारित या साझा न करें।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश