home page

मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, हथियारों का जखीरा बरामद, आठ गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, हथियारों का जखीरा बरामद, आठ गिरफ्तार


इम्फाल, 06 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बीते 24 घंटे में भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और संचार उपकरण बरामद किए हैं। इसके साथ ही उग्रवादी संगठनों के सक्रिय कैडरों एवं मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार रविवार को कांगपोकपी जिले के गामनोम सपरमेइना थाना क्षेत्र के मंगजोल गांव के निकट कौब्रू पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक 5.56 मिमी इंसास राइफल, 24 एसबीबीएल बंदूकें, एक डीबीबीएल बंदूक, एक देशी पिस्तौल, दो पोम्पी, एक स्थानीय रूप से निर्मित हैंड ग्रेनेड, विभिन्न बोर के 35 कारतूस तथा दो वॉकी-टॉकी सेट बरामद किए।

एक अन्य अभियान में 4 जुलाई को इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपत थाना क्षेत्र के केइखू इलाके से यूएनएलएफ (पाम्बेई) के तीन सक्रिय उगाहीकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एलंगबाम तोम्बा सिंह (44), पैट्रिक गोलमेई (44) और अथोकपम बोरिश सिंह (34) के रूप में हुई है।

इसी दिन एक अन्य अभियान में केसीपी (एमएफएल) के सक्रिय कैडर सोरम मनाओटन मैतेई उर्फ येनिंग उर्फ उदुपा (32) को इंफाल पूर्व जिले के अंद्रो थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक स्कूटर और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

इसके अलावा, इंफाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार कर लगभग 239 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में माताइमेई डब्ल्यू. शिमरे, नगंगबाम दिनेश (18), फुरित्शाबाम याइफाबा मैतेई (18) तथा ओइनाम अबुंग मैतेई (42) शामिल हैं। इस दौरान एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप और एक टीवीएस अपाचे आरटीआर-160 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। मामले की जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश