मणिपुर में सुरक्षा बलों ने तीन संदिग्ध उग्रवादी कैडरों को किया गिरफ्तार
इंफाल, 10 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े तीन संदिग्ध कैडरों को गिरफ्तार किया है।
सुरक्षा बलों ने 9 अगस्त को काकचिंग जिले के काकचिंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत नोंगजुबी चांगफाम के समीप इको पार्क रोड से आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर एस/एस कॉर्पोरल थौनाओजाम इबोचौबा मैतेई उर्फ लामता (56) को गिरफ्तार किया। वह एलांगखानपोकपी मामांग लीकाई का निवासी है और वर्तमान में काकचिंग माखा लीकाई में रह रहा था।
एक अन्य मामले में, एनडीपीएस अधिनियम के तहत जिरीबाम थाने में दर्ज प्राथमिकी की जांच के बाद पुलिस ने रोहिम मियां (31) को पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार किया। जिरीबाम थाना की पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सोमवार को जिरीबाम थाने लाया गया, जहां उससे आगे पूछताछ की जा रही है।
इसी बीच, सुरक्षा बलों ने 9 अगस्त को इंफाल पूर्वी जिले के लामलोंग से कोंसम सनातोम्बा (44) को गिरफ्तार किया। वह यूएनएलएफ (कोइरेंग) का सक्रिय सदस्य बताया गया है। आरोप है कि वह जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल था और तेलियापट्टी के एक गैर-मणिपुरी निवासी को धन की मांग पूरी कराने के लिए जीवित गोलियों के साथ धमकी देता था।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

