home page

मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, संदिग्ध उग्रवादी गिरफ्तार; भारी मात्रा में हथियार बरामद

 | 
मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई, संदिग्ध उग्रवादी गिरफ्तार; भारी मात्रा में हथियार बरामद


इंफाल, 25 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में कई संदिग्ध उग्रवादी कैडरों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद एवं संचार उपकरण बरामद किए।

अधिकारियों के अनुसार, 24 अगस्त को 28वीं असम राइफल्स से मिली विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर सीडीओ/इंफाल ईस्ट ने खुराई थांगजाम लीकाई से सोरेपा के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लैटोनजाम रॉकी सिंह उर्फ खुटान (37) और पुखरामबाम कुमारजीत सिंह (36) के रूप में हुई है। दोनों कथित तौर पर इलाके में जबरन वसूली के लिए पहुंचे थे। उनके पास से मोबाइल नंबर और सोरेपा के नाम वाला एक हस्तलिखित वसूली पर्चा भी बरामद किया गया।

इसी दिन कांगपोकपी जिले के जे. सोंगतुन गांव में मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ, आरएएफ और कोब्रा की संयुक्त टीम ने घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो देशी 12-बोर बंदूकें, विभिन्न निर्माताओं की 14 अन्य 12-बोर बंदूकें, 1,225 राउंड 12-बोर गोलियां, छह वीएचएफ/वायरलेस सेट और तीन चार्जर बरामद किए गए। इसके अलावा एक गोल्डन एंटलर टेलीस्कोप, 18 बीपी वेस्ट और एक पाउच भी जब्त किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों की वापसी के दौरान मुख्य रूप से महिलाओं सहित ग्रामीणों ने पत्थरों से सड़क अवरुद्ध कर दी और कथित तौर पर सत्यापन नहीं किए गए हथियार एवं गोला-बारूद वापस करने की मांग की। बाद में सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

एक अन्य अभियान में सीडीओ-काकचिंग ने इंफाल ईस्ट जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र के कियामगेई अवांग लीकाई में तलाशी अभियान चलाकर आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर नामेइराकपम संजू मीतेई उर्फ नगनबा (35) को उसके आवास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक एके राइफल, एक सीएमजी कार्बाइन, विभिन्न हथियारों की नौ मैगजीन, अलग-अलग कैलिबर के 737 राउंड गोला-बारूद, तीन बीपी प्लेट और तीन बीपी जैकेट बरामद किए गए।

वहीं, 23 अगस्त को सीडीओ-आईडब्ल्यू की टीमों ने मोइदांगपोक मानिंग लीकाई में तलाशी एवं जांच के दौरान ओइनाम गिप्सन सिंह (26) उर्फ जिप्सी उर्फ चेइचातपा को गिरफ्तार किया। वह इंफाल पश्चिम जिले के क्वाकैथेल लैश्राम लीकाई का रहने वाला है। उसके पास से .32 पिस्तौल और चार राउंड गोलियों से भरी मैगजीन बरामद की गई।

सुरक्षा बलों ने मणिपुर में उग्रवादी गतिविधियों, जबरन वसूली और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश