home page

मणिपुर में ताबड़तोड़ कार्रवाई: हथियार तस्कर, तीन उग्रवादी, ड्रग तस्कर गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में ताबड़तोड़ कार्रवाई: हथियार तस्कर, तीन उग्रवादी, ड्रग तस्कर गिरफ्तार


इंफाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने आज अलग-अलग अभियानों में एक कथित हथियार तस्कर, तीन उग्रवादियों, दो मादक पदार्थ तस्करों तथा एक किशोर को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में हथियार, गोला-बारूद, हेरोइन और 5.21 किलोग्राम ब्राउन शुगर भी बरामद की गई।

सुरक्षा बलों ने शनिवार को इंफाल पूर्व जिले के खोंगमान जोन-III से लैश्रम लक्षपति सिंह (56) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड और 9 एमएम की 10 गोलियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार वह अवैध रूप से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटकों की खरीद-फरोख्त में शामिल था।

31 जुलाई को चंदेल जिले के मोलचाम थाना क्षेत्र के गामफाजोल गांव (बीपी-69) के पास सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (एमएफएल) के तीन सक्रिय कैडरों युमखैबम रोजित (26), खुमंथम बिद्यासागर (24) और हेमाम अरुण सिंह (27) को गिरफ्तार किया।

पटसोई थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपित मेराइमयुम रजाक अहमद (35) को उसके आवास से गिरफ्तार किया। यह मामला पहले एक कार्यशाला में खड़ी पजेरो वाहन से ब्राउन शुगर बरामद होने से जुड़ा है।

एक अन्य कार्रवाई में आज जिरीबाम जिले के लेंगांगपोकपी चेकपोस्ट पर पुलिस ने एक फोर्ड इकोस्पोर्ट (एएस-01डीजे-6360) को रोककर असम के कार्बी आंगलोंग निवासी भीमा पनिका (42) को गिरफ्तार किया। वाहन से 5.21 किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

वहीं, 31 जुलाई को बिष्णुपुर जिले में पुलिस ने एक किशोर को उस मामले में पकड़ा, जिसमें सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़कियों की फर्जी एवं मॉर्फ्ड तस्वीरों का इस्तेमाल कर उन्हें धमकाने और ब्लैकमेल करने का आरोप है।

इसके अलावा, पुलिस ने क्वाक्टा वार्ड नंबर-3 निवासी शाहना (27) को गिरफ्तार कर उसके घर से दो साबुनदानी में छिपाकर रखे गए लगभग 70 ग्राम संदिग्ध हेरोइन पाउडर को बरामद किया।

पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश