तामुलपुर में ईवीएम और वीवीपैट का द्वितीय रैंडमाइजेशन संपन्न
कोकराझार (असम), 30 मार्च (हि.स.)। आसन्न असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत तामुलपुर जिले में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और मतदाता सत्यापन योग्य कागज़ी ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) का द्वितीय रैंडमाइजेशन सफलतापूर्वक रविवार को संपन्न किया गया। यह प्रक्रिया जिला आयुक्त कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई।
सोमवार को जिला चुनाव कार्यालय की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में 43–तामुलपुर (एसटी) एवं 44–गोरेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी, सामान्य प्रेक्षक, चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी या उनके निर्वाचन अभिकर्ता उपस्थित रहे। ईवीएम मैनेजमेंट सिस्टम 2.0 के माध्यम से ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का आवंटन मतदान केंद्रवार किया गया।
जिले में कुल 482 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 43–तामुलपुर (एसटी) विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 250 और 44–गोरेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 232 मतदान केंद्र शामिल हैं। सभी मतदान केंद्रों के लिए आवश्यक ईवीएम और वीवीपैट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही, मतदान के दिन किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में मशीनों को रिजर्व में भी रखा गया है।
द्वितीय रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद, मतदान केंद्रवार ईवीएम और वीवीपैट की सूची तैयार कर सभी प्रत्याशियों के साथ साझा की गई। जिला प्रशासन ने बताया कि यह प्रक्रिया चुनाव प्रबंधन में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

