home page

झील में डूबे दूसरे पर्यटक का शव बरामद

 | 
झील में डूबे दूसरे पर्यटक का शव बरामद


इटानगर, 17 जनवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले की सेला झील में डूबे दूसरे पर्यटक, जिनकी पहचान केरल निवासी महादेव एम (24) का शव शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे दुर्घटनास्थल से बरामद किया गया। जबकि, शुक्रवार को एक पर्यटक का शव बरामद किया गया था।

तवांग के पुलिस अधीक्षक डी डब्ल्यू थुंगोन ने आज इसकी पुष्टि की और बताया कि भारतीय सेना, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और नागरिक पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान के बाद शव बरामद किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए जांग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जाएगा।

इस अभियान में एसडीआरएफ बोमडिला और सेना के चार प्रशिक्षित गोताखोरों को लगाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि कम दृश्यता के कारण शुरुआत में तलाशी में बाधा आई, जिससे गोताखोरों को शव का पता लगाने में कठिनाई हुई। अथक प्रयासों के बाद अंततः शव सेला झील से बरामद किया गया।

अधिकारियों ने पुष्टि की कि इस घटना में मारे गए दोनों पीड़ित केरल के पर्यटक थे। प्रक्रिया के अनुसार आगे की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

जंग पुलिस स्टेशन में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है और शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

शुक्रवार को बरामद पहले शव की पहचान दिनू (26) के रूप में हुई है। दोनों सात सदस्यीय पर्यटक समूह का हिस्सा थे जो गुवाहाटी होते हुए तवांग पहुंचे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी