home page

अरुणाचल बाढ़: खांडू ने मदद का दिया भरोसा

 | 

इटानगर, 25 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने केयी पान्योर ज़िले के पोसा में अचानक आई बाढ़ की घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन सभी लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं जो अपने प्रियजनों के बारे में खबर का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि ज़िला प्रशासन, निपको, एसडीआरएफ, पुलिस और मेडिकल टीमों समेत सभी संबंधित एजेंसियां बचाव और राहत कार्यों में तेज़ी से जुटी हुई हैं। प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि मैं स्थिति पर बारिकी से नज़र रख रहा हूं और अधिकारियों के लगातार संपर्क में हूं। सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है और बचाव, राहत और चिकित्सा सहायता में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित इलाके में बचाव अभियान के दूसरे दिन की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह करीब 6:30 बजे से लापता 4 लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया।

पोटिन तक सड़क साफ करने की कोशिश के लिए पिटापूल की तरफ से 2 पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं। क्रा दादी और कामले से ट्रेलर ट्रक मंगाए गए हैं, जबकि पोकलेन मशीनें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई गई हैं।

साथ ही, बॉर्डर रोड ऑर्गनाइज़ेशन ने किमिन की तरफ से रास्ता साफ करने का काम किया जा रहा है।होज की तरफ से भी सडक को साफ करने का काम जारी है। इस खोज अभियान में भारतीय वायू सेना के हेलिकॉप्टर से भी मदद ली जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी