असम विस चुनाव के लिए सभी 126 सीटों पर नामांकन पत्रों की जांच पूरी
गुवाहाटी, 25 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा के सामान्य चुनाव 2026 के लिए सभी 126 विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है।
नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया मुख्य रूप से 24 मार्च को संपन्न हुई थी। हालांकि, 24 नंबर बरपेटा (एससी) और 65 नंबर ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्रों के लिए जांच को स्थगित कर 25 मार्च को सुबह 11 बजे तक के लिए बढ़ाया गया था। अब इन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में भी जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
65 नंबर ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में सभी 10 नामांकन पत्र वैध पाए गए। वहीं, 24 नंबर बरपेटा (एससी) में जांचे गए नामांकन पत्रों में से एक नामांकन को अवैध घोषित किया गया, जबकि तीन नामांकन पत्र वैध पाए गए।
कुल मिलाकर 126 विधानसभा क्षेत्रों में 815 उम्मीदवारों ने 1,389 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद 789 उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने के लिए वैध घोषित किया गया है।
निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 26 मार्च को अपराह्न 3:00 बजे तक निर्धारित की है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

