गोलाघाट में पिस्तौल दिखाकर छात्रा का अपहरण
गोलाघाट (असम), 27 मई (हि.स.)। राज्य में एक बार फिर अपहरण की घटना सामने आई है। गोलाघाट जिले के कमारबंधा क्षेत्र में विद्यालय जा रही एक छात्रा के अपहरण की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस द्वारा बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार, छात्रा रोज की तरह स्कूल के लिए निकली थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और कथित तौर पर पिस्तौल दिखाकर उसे डराया-धमकाया। इसके बाद छात्रा को जबरन अपने साथ ले गए। घटना की सूचना पाकर छात्रा के परिवार वाले गांव के एक घर में छिपाकर रखी गई छात्रा तक पहुंचे। अपहर्ताओं के चंगुल से छूटने के बाद छात्रा ने मीडिया को बताया कि अज्ञात लोग उसे उस समय पिस्तौल दिखाकर घसीटकर अपने साथ ले गए जब वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। उसे अपने ही गांव के एक घर में ले जाया गया जहां उसे धमकाया गया तथा बेच देने की बात कही गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी चिंता का माहौल है। लोगों की उग्र भीड़ पुलिस थाने तक पहुंची और थाने का घेराव कर लिया। लोग अपहर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है तथा मामले की जांच में जुट गई है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

