फकीराग्राम में एसबीआई की नई शाखा का शुभारंभ
-मुंबई से चेयरमैन वर्चुअल माध्यम से किया उद्घाटन, अमन कुमार सिंह बने प्रथम शाखा प्रबंधक
कोकराझार (असम), 27 फरवरी (हि.स.)। फकीराग्राम वार्ड संख्या 1, टोटपाड़ा में आज स्टेट बैंक आफ इंडिया (एसबीआई) की नई शाखा का भव्य शुभारंभ किया गया। यह फकीराग्राम क्षेत्र की पहली एसबीआई शाखा है, जिसके खुलने से स्थानीय लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा।
शाखा का उद्घाटन मुंबई से एसबीआई के चेयरमैन द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन ने अपने संबोधन में कहा कि एसबीआई का उद्देश्य देश के हर कोने तक आधुनिक एवं सुलभ बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना है और फकीराग्राम में इस नई शाखा की स्थापना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नई शाखा में ग्राहकों को बचत खाता, चालू खाता, ऋण सुविधा, एटीएम सेवा, डिजिटल बैंकिंग, बीमा तथा अन्य वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे क्षेत्र के व्यापारियों, कर्मचारियों, किसानों और विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा तथा स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
इस शाखा के प्रथम शाखा प्रबंधक के रूप में अमन कुमार सिंह ने कार्यभार संभाला है। उन्होंने कहा कि वे ग्राहकों को बेहतर और पारदर्शी बैंकिंग सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा बैंक को क्षेत्र की प्रगति का सशक्त माध्यम बनाने का प्रयास करेंगे।फकीराग्राम में एसबीआई की इस नई शाखा के खुलने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है और इसे स्थानीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

