असम में अगले 50 साल तक सत्ता में नहीं लौटेगी कांग्रेस, भाजपा का 2031 में सभी 126 सीटें जीतने का लक्ष्य : हिमंत
गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस अगले 50 वर्षों तक राज्य की सत्ता में वापस नहीं लौटेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2031 के विधानसभा चुनाव में सभी 126 सीटों पर जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री मोरीगांव जिले के लाहोरीघाट में आयोजित भाजपा के विजय उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा का अगला लक्ष्य राज्य की सभी 126 विधानसभा सीटों पर कब्जा करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामगुड़ी के बाद अब लाहोरीघाट में भी विजय उत्सव के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा जा रहा है। भाजपा ने वर्ष 2031 के चुनाव के लिए सभी 126 सीटें जीतने का मिशन शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस विधायक आशिफ नजर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रकीबुल हुसैन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार और कुशासन के गंभीर आरोप हैं। उन्होंने कहा कि नगांव की जनता ने इस बार आशिफ नजर और रकीबुल हुसैन जैसे नेताओं को खारिज कर दिया है।
लाहोरीघाट के विधायक पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2031 के चुनाव में उन्हें घर बैठाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी करनी होगी।
वहीं, लाहोरीघाट में चलाए गए बेदखली अभियान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका जाति या धर्म से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि यदि उसे अल्पसंख्यकों की इतनी चिंता थी तो उसने अपने शासनकाल में इन लोगों को भूमि पट्टे क्यों नहीं दिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले ही वसुंधरा योजना लागू करनी चाहिए थी। सरकार वास्तविक भूमिहीन लोगों को भूमि पट्टा देने के खिलाफ नहीं है, लेकिन वन भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बेदखली अभियान को जाति और धर्म के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

