नगांव उपचुनाव में भाजपा जीती तो कांग्रेस का सफाया : मुख्यमंत्री डॉ. सरमा
नगांव (असम), 28 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को रहा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न तो हिंदुओं को न्याय दिया और न ही मुसलमानों को न्याय दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार नगांव की जनता कांग्रेस को रसगुल्ला और लड्डू खिलाकर हमेशा के लिए विदा करेगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रत्याशी शिवामणि बोरा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विधायक रहते हुए उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के लिए कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि 126 विधायकों के बीच उन्हें शिवामणि बोरा का कोई काम दिखाई नहीं दिया। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब विधानसभा में ही कोई काम नहीं किया तो लोकसभा के 400-500 सांसदों के बीच वह क्या काम करेंगी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यदि इस बार नगांव में भाजपा प्रत्याशी जीतता है तो असम की सभी 126 विधानसभा सीटों से कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भाजपा की नीतियों और विचारधारा को पसंद कर मतदान करते आ रहे हैं और इस बार नगांव में भाजपा को अल्पसंख्यक मतदाताओं का समर्थन और बढ़ेगा।
एआईयूडीएफ प्रत्याशी बदरुद्दीन अजमल पर भी मुख्यमंत्री ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अजमल अब विधायक हैं और उनकी उम्र काफी हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने उन्हें चुनावी राजनीति में सक्रिय रहने के बजाय अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

