पुराने सरायघाट पुल पर 13 जुलाई से वाहनों की आवाजाही बंद, नया पुल बनेगा दो-तरफा मार्ग
गुवाहाटी, 10 जुलाई (हि.स.)। ब्रह्मपुत्र नदी पर स्थित पुराने सरायघाट पुल के मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य के चलते 13 जुलाई की सुबह 5 बजे से पुल को सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। यह कार्य लगभग दो माह तक चलेगा। इस दौरान यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं, जिनकी समीक्षा 31 जुलाई के बाद की जाएगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, मरम्मत अवधि में पुराने सरायघाट पुल पर किसी भी वाहन की आवाजाही नहीं होगी। इसके कारण नए सरायघाट पुल पर दोनों दिशाओं का यातायात संचालित किया जाएगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं, सार्वजनिक बसों और अन्य हल्के वाहनों को नए पुल से आवाजाही की अनुमति रहेगी।
लोअर असम से अपर असम तथा अपर असम से लोअर असम जाने वाले सभी भारी मालवाहक वाहन (यात्री बसों को छोड़कर) को बाईहाटा चारियाली-कलियाबोर तिनियाली मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक नए सरायघाट पुल के जरिए गुवाहाटी शहर में किसी भी व्यावसायिक मालवाहक वाहन के प्रवेश और निकास पर रोक रहेगी।
लोअर असम से गुवाहाटी होते हुए अपर असम जाने वाले हल्के वाहन पुराने पुल की बजाय नए सरायघाट पुल से होकर गुजरेंगे। गुवाहाटी से कामरूप और लोअर असम की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पूर्ववत नए पुल से जारी रहेगी।
प्रशासन ने यात्रियों से नए कुमार भास्कर वर्मा सेतु जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने, हवाई अड्डे जाने वाले यात्रियों को समय से पहले निकलने, लेन अनुशासन का पालन करने तथा नए सरायघाट पुल पर ओवरटेकिंग से बचने की अपील की है।
इसके अलावा, मरम्मत अवधि के दौरान जालुकबाड़ी से सरायघाट पुल तक दोनों ओर सड़क किनारे किसी भी वाहन की पार्किंग पर भी प्रतिबंध रहेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

