home page

कृषि अवसंरचना कोष योजना का लाभ उठाने का मुख्यमंत्री ने किसानों से किया आह्वान

 | 
कृषि अवसंरचना कोष योजना का लाभ उठाने का मुख्यमंत्री ने किसानों से किया आह्वान


गुवाहाटी, 25 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को गुवाहाटी के ज्योति-बिष्णु अंतरराष्ट्रीय कला मंदिर में आयोजित कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ) पर राज्य स्तरीय कार्यशाला में भाग लेते हुए किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), सहकारी समितियों, स्वयं सहायता समूहों और कृषि उद्यमियों से इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हालिया बाढ़ के बाद असम के कृषि क्षेत्र को पुनः सशक्त बनाने में कृषि अवसंरचना कोष योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत दो करोड़ रुपये तक के ऋण पर तीन प्रतिशत ब्याज सब्सिडी, 90 प्रतिशत तक बैंक ऋण, क्रेडिट गारंटी तथा गोदाम, कोल्ड स्टोरेज, प्रसंस्करण केंद्र, ड्रोन और सौर ऊर्जा संचालित कृषि पंप जैसी आधुनिक कृषि अवसंरचना विकसित करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने कहा कि इस योजना से किसान उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ भंडारण, मूल्य संवर्धन और बाजार से जुड़ाव को भी मजबूत कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि असम के 893 किसानों, किसान उत्पादक संगठनों और कृषि उद्यमियों को कृषि अवसंरचना कोष के तहत लगभग 1,181.13 करोड़ रुपये के ऋण का लाभ मिल चुका है। कार्यशाला के दौरान कई कृषि उद्यमियों को योजना के अंतर्गत स्वीकृत ऋण के चेक भी औपचारिक रूप से वितरित किए गए।

आज के इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के कृषि आदि विभाग के मंत्री पीयूष हाजरिका, पंचायत और ग्राम विकास आदि विभाग के मंत्री अतुल बोरा, पर्यावरण और वन आदि विभाग के मंत्री जयंत मलबरुवा, चाय जनजाति और आदिवासी कल्याण आदि विभाग के मंत्री रमेश्वर तेली, सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण आदि विभाग के मंत्री अश्विनी राय सरकार, पशुपालन और पशु चिकित्सा आदि विभाग के मंत्री नीलिमा देवी, गृह निर्माण और नगर परिसंरचना आदि विभाग के मंत्री कौशिक राय, सांसद बिजुली कलिता मेधि, विधायक क्रमशः दिगंत कलिता, रूपक शर्मा, चक्रधर गोगोई, विजय गुप्ता, मिलन दास, शशिकांत दास, प्रकाश दास, बिकन चंद्र डेका, किशोर नाथ और तपन दास, भारत सरकार के कृषि और किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव अनबालागन पी, राज्य सरकार के कृषि विभाग के आयुक्त-सचिव अरुणा राजोरिया के नेतृत्व में अन्य वरिष्ठ अधिकारी और असम के विभिन्न स्थानों से आए कृषि उद्यमी उपस्थित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश