देशभर में 26 नवंबर को आयोजित होगी कांग्रेस की 'संविधान रक्षा पदयात्रा', गुवाहाटी में भी व्यापक तैयारियां
गुवाहाटी, 22 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के हिस्से के रूप में आगामी 26 नवंबर यानी संविधान दिवस के दिन पूरे देश के साथ-साथ असम में भी 'संविधान रक्षा पदयात्रा' का आयोजन किया जाएगा। आज गुवाहाटी स्थित असम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक विशेष संवाददाता सम्मेलन में असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी मनोज चौहान ने इस कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मनोज चौहान ने कहा कि देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के हित में कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दल पिछले कई महीनों से लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर वोट चोरी के जरिए सरकार बनाई है और देश के लोकतंत्र को लूटा है। चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और देश के मुख्य न्यायाधीश को मिलाकर एक समिति गठित करने का जो निर्देश दिया था, केंद्र सरकार ने संसद में कानून बनाकर मुख्य न्यायाधीश के स्थान पर एक कैबिनेट मंत्री को शामिल करके उस फैसले को बदल दिया।
वोट चोरी के खिलाफ जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से आगामी 26 नवंबर को देश के हर राज्य के मुख्यालय में 'संविधान रक्षा पदयात्रा' निकाली जाएगी, इसका उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, जो लोग देश के लोकतंत्र और संविधान पर विश्वास रखते हैं, हम उन सभी से 26 नवंबर की संविधान रक्षा पदयात्रा में भाग लेकर देश के लोकतंत्र को बचाने की अपील करते हैं। संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कांग्रेस की तीन मुख्य मांगों को भी दोहराया, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, देश के 13 करोड़ 30 लाख मतदाताओं के नाम काटने वाली पूरी एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करना और भविष्य के सभी लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराना शामिल है।
इस बीच, प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष बेदब्रत बोरा ने बताया कि आगामी 26 नवंबर की सुबह 11 बजे गुवाहाटी के मानवेंद्र शर्मा कॉम्प्लेक्स में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आज के इस संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष ऋतुपर्ण कोंवर और सचिव घन सुतिया भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

