कामरूप (मेट्रो) में राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस मनाया गया
गुवाहाटी, 19 जून (हि.स.)। समूचे राज्य के साथ-साथ कामरूप (मेट्रो) जिले में भी आज राष्ट्रीय सिकल सेल दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में सिकल सेल रोग की जांच तथा आवश्यक परामर्श की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त, आम जनता के बीच सिकल सेल रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता सभाओं का आयोजन किया गया।
जागरूकता कार्यक्रमों में रोग की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार प्राप्त करने तथा नियमित स्वास्थ्य निगरानी के महत्व पर विशेष बल दिया गया। साथ ही सिकल सेल रोग के लक्षणों, इसकी रोकथाम एवं प्रबंधन के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई।
आयोजित कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को इसके बारे में सही जानकारी उपलब्ध कराना था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

