साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता हुई प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस नियुक्त
गुवाहाटी, 13 अप्रैल (हि.स.)। साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात असमिया साहित्यकार अनुराधा शर्मा पुजारी को महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव विश्वविद्यालय में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के रूप में नियुक्त किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विश्वविद्यालय ने असमिया साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मानजनक शैक्षणिक दायित्व सौंपा है। उनके अनुभव और व्यावहारिक ज्ञान से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल को समृद्ध करने की उम्मीद जताई जा रही है।
अनुराधा शर्मा पुजारी एक चर्चित लेखिका और पूर्व संपादक रही हैं, जिन्होंने समकालीन असमिया साहित्य को नई दिशा दी है। विश्वविद्यालय से उनके जुड़ने से विद्यार्थियों को संवाद, व्याख्यान और मार्गदर्शन के माध्यम से लाभ मिलने की संभावना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया है कि उनका अनुभव छात्रों को प्रेरित करेगा और संस्थान की शैक्षणिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को नई मजबूती प्रदान करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

