home page

भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की आरएसएस की अपील

 | 
भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की आरएसएस की अपील


गुवाहाटी, 24 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने असम विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र आम जनता से सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने की अपील की है।

मंगलवार को जारी एक बयान में आरएसएस के उत्तर असम प्रांत के प्रचार प्रमुख किशोर शिवम ने कहा कि संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने और मतदाताओं को गुमराह करने के उद्देश्य से एक संगठित गिरोह सक्रिय हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फर्जी और एआई-जनरेटेड पोस्ट प्रसारित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट वितरण को लेकर आरएसएस के सरसंघचालक के नाम पर एक फर्जी पत्र वायरल किया गया। इसके अलावा, आरएसएस के एक पदाधिकारी के नाम से एक और झूठा संदेश फैलाया गया, जिसमें दावा किया गया कि संगठन असम में मांसाहार पर प्रतिबंध लगाना चाहता है।

किशोर शिवम ने स्पष्ट किया कि ये सभी पत्र और संदेश पूरी तरह से फर्जी, निराधार हैं और इनका आरएसएस से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इसे समाज में भ्रम और तनाव पैदा करने तथा चुनावी माहौल को प्रभावित करने का एक सुनियोजित प्रयास बताया।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गुवाहाटी महानगर संघचालक गुरु प्रसाद मेधी ने गुवाहाटी साइबर सेल और दिल्ली साइबर सेल में प्राथमिकी दर्ज कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आरएसएस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध स्रोत से प्राप्त जानकारी पर विश्वास न करें, उसे साझा करने से पहले सत्यापित करें और फर्जी खबरों के प्रसार का माध्यम बनने से बचें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश