home page

आरएसएस ने मुख्यमंत्री सरमा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुरू अनशन से किया किनारा

 | 

गुवाहाटी, 17 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हितेश्वर चक्रवर्ती नामक व्यक्ति द्वारा शुरू किए गए अनशन से खुद को अलग कर लिया है।

आरएसएस के उत्तर असम प्रांत के प्रचार प्रमुख किशोर शिवम ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि हितेश्वर चक्रवर्ती को कई वर्ष पहले ही संघ की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था। इसलिए उनके द्वारा किया जा रहा अनशन अथवा अन्य गतिविधियां संघ की विचारधारा या निर्णय का हिस्सा नहीं हैं।

शिवम ने स्पष्ट किया कि चक्रवर्ती की गतिविधियां उनका व्यक्तिगत विषय हैं और संघ का उनके कार्यों के प्रति कोई समर्थन नहीं है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कुछ लोग अपने निजी हितों और उद्देश्य की पूर्ति के लिए विभिन्न तरीकों से आरएसएस के नाम और बैनर का इस्तेमाल कर अपना प्रभाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां संघ की विचारधारा के पूरी तरह विपरीत हैं और संगठन इनका कभी समर्थन नहीं करता।

आरएसएस के उत्तर असम प्रांत के प्रचार प्रमुख ने मीडिया और आम लोगों से अपील की कि वे ऐसे लोगों द्वारा संघ के नाम के कथित इस्तेमाल से भ्रमित न हों। उन्होंने स्वयंसेवकों और आम जनता से भी ऐसी गतिविधियों पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश