ससल में रंगाली बिहू उत्सव की तैयारी शुरू
गुवाहाटी, 11 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी के ससल क्षेत्र में रंगाली बिहू उत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। ‘नतुन ससल सांस्कृतिक गोष्ठी’ के तत्वावधान में 14 और 15 अप्रैल को दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उत्सव के सफल संचालन के लिए 101 सदस्यों की एक कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया है। इसमें तृषा देवी को अध्यक्ष, अंजन बरकटकी को उपाध्यक्ष, जितुल रॉय को महासचिव, भास्करजित तहबिलदार को कोषाध्यक्ष तथा दिगंत बैश्य को सांस्कृतिक सचिव बनाया गया है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य असमिया संस्कृति को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना है। उत्सव की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार को पारंपरिक ‘लाइखुटा’ स्थापन के साथ हुई, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रसिद्ध गायिका तृष्णा देवी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
उत्सव के पूर्व आयोजित 10 दिवसीय बिहू नृत्य कार्यशाला में 50 से अधिक छात्रों ने भाग लिया, जिन्हें विशेषज्ञ जॉनमोनी बोरा, अजय रॉय और बिहू सम्राज्ञी गायत्री कोंवर ने प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला का समापन भव्य प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
आगामी बिहू उत्सव में पारंपरिक खेल, लोक नृत्य और संगीत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लोकप्रिय कलाकार भूमि कौशिक और अदिति तासा प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा आधुनिक नृत्य और लोक नृत्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों ने लोगों से अधिक संख्या में भाग लेकर इस उत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

