home page

फकीराग्राम कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता सभा

 | 
फकीराग्राम कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता सभा


फकीराग्राम कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता सभा


कोकराझार (असम), 29 सितम्बर (हि.स.)। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को फकीराग्राम कॉलेज में “पैदल यात्रियों और वाहन चालकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव का महत्व” विषय पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कोकराझार जिला प्रशासन, जिला पुलिस प्रशासन तथा जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कोकराझार के जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वाहन चालकों, मोटरसाइकिल सवारों, साइकिल चालकों और पैदल यात्रियों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट सहित आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा सड़क पर पैदल यात्रियों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की।

सभा को संबोधित करते हुए जिला परिवहन अधिकारी धजेन बसुमतारी और डीएसपी दीपशिखा छेत्री ने भी सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम केवल प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में फकीराग्राम कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान यातायात नियमों का पालन, सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा