बैरिकेड से टकराई बाइक; दो गंभीर रूप से घायल
धुबड़ी (असम), 22 सितम्बर (हि.स.)। तामरहाट थाना क्षेत्र के हाथीधुरा में राष्ट्रीय राजमार्ग-127 (बी) पर सोमवार रात एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सड़क पर लगाए गए बैरिकेड से मोटरसाइकिल (एएस-16पी-1128) के टकराने के कारण हुआ।
घायलों की पहचान तामरहाट थाना क्षेत्र के डिंगडिंगा गांव निवासी प्रसेनजीत राय उर्फ पासु और राजेंद्र राय उर्फ रूपक के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल तामरहाट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धुबड़ी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटनास्थल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होने के बावजूद लाइट बंद रखी गई थी, जिसके कारण रात के समय सड़क पर लगाए गए बैरिकेड दिखाई नहीं दिए और दुर्घटना हुई।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले मुख्यमंत्री के तामरहाट दौरे के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी कई बैरिकेड नहीं हटाए गए हैं। इसी के चलते दुर्घटना होने की बात कही जा रही है। मामले में संबंधित विभाग की ओर से बैरिकेड हटाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठ रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

