गुवाहाटी को बाढ़ मुक्त बनाने की तैयारियों की समीक्षा, लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश
गुवाहाटी, 14 जुलाई (हि.स.)। हालिया भारी बारिश के कारण मालीगांव, कहिलीपाड़ा सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव और शहरी बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए मंगलवार को जनता भवन में आवास एवं शहरी कार्य मंत्री कौशिक राय की अध्यक्षता में मिशन फ्लड फ्री गुवाहाटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आवास एवं शहरी कार्य विभाग, गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी), जीएमडीए, एयूआईडीएफसीएल, एनएचएआई, जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग, एपीडीसीएल, ऑयल इंडिया लिमिटेड, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, वन विभाग समेत विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने, नालों की नियमित सफाई और गाद निकालने, पंपिंग व्यवस्था में सुधार, लंबित ड्रेनेज परियोजनाओं में तेजी लाने तथा शहरी बाढ़ से निपटने के लिए अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री कौशिक राय ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने समयसीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने कहा कि नालों की सफाई और गाद निकालने का कार्य पूरे वर्ष नियमित रूप से किया जाना चाहिए। साथ ही, प्रत्येक क्षेत्र के लिए जिम्मेदारी तय कर समर्पित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) गठित करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति और खराब मौसम के दौरान तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मंत्री ने कहा कि समन्वित योजना, समयबद्ध परियोजना क्रियान्वयन और विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी सहयोग से ही गुवाहाटी को बाढ़ मुक्त और आपदा के प्रति अधिक सक्षम शहर बनाया जा सकता है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

