home page

खेल महारण 3.0 की तैयारियों को लेकर तामुलपुर जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक आयोजित

 | 
खेल महारण 3.0 की तैयारियों को लेकर तामुलपुर जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक आयोजित


खेल महारण 3.0 की तैयारियों को लेकर तामुलपुर जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक आयोजित


-31 अक्टूबर तक पंजीकरण पूरा करने का निर्देश, अब तक 67 हजार खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

तामुलपुर (असम), 26 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य में खेल प्रतिभाओं की पहचान, उनके विकास तथा जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले खेल महारण 3.0 की तैयारियों को लेकर सोमवार को तामुलपुर जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त जिला आयुक्त हेमाश्री खनिकर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में खिलाड़ियों के पंजीकरण की प्रगति, विद्यालयों की भागीदारी, प्रतियोगिताओं के समयबद्ध आयोजन तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पंजीकरण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त जिला आयुक्त ने बताया कि तामुलपुर जिले में अब तक लगभग 67 हजार खिलाड़ियों ने खेल महारण 3.0 में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है। जबकि, पिछले वर्ष जिले में कुल 1 लाख 27 हजार खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था। इस वर्ष पंजीकरण की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि पंजीकरण की निर्धारित समयसीमा नजदीक आने के कारण सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों तथा अन्य भागीदारों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने आगामी 31 अक्टूबर, 2026 तक पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिले के अधिक से अधिक योग्य खिलाड़ियों को इस खेल महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलना चाहिए।

इस वर्ष खेल महारण 3.0 में तामुलपुर जिले के 1,200 से अधिक विद्यालयों के भाग लेने की संभावना है। विद्यालयों की व्यापक भागीदारी से विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ उनकी छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचानने में भी मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि खेल महारण 3.0 का आयोजन 7 नवंबर, 2026 से शुरू होकर 10 फरवरी, 2027 तक चलेगा। इस बार प्रतियोगिताएं कुल आठ खेल विधाओं में आयोजित की जाएंगी। इनमें एथलेटिक्स, योगासन, शतरंज, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बॉक्सिंग, एक्वाथलॉन और तैराकी शामिल हैं।

प्रतियोगिताओं को जमीनी स्तर से राज्य स्तर तक आयोजित करने की व्यवस्था की गई है, ताकि खिलाड़ियों को विभिन्न स्तरों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। आठ खेल विधाओं में से पांच की प्रतियोगिताएं वीसीडीसी, विधानसभा क्षेत्र, जिला, जोनल और राज्य स्तर पर आयोजित होंगी। वहीं, शेष तीन खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं सीधे जिला स्तर से शुरू होंगी।

खेल महारण की एक अन्य महत्वपूर्ण विशेषता राज्य स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में छात्रवृत्ति प्रदान करना है। राज्य स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष 24,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना तथा उनके खेल भविष्य को आगे बढ़ाने में सहायता प्रदान करना है।

बैठक में खेल महारण 3.0 के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित पक्षों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला आयुक्त हेमाश्री खनिकर के साथ सहायक आयुक्त विदिशा बोरा, खेल संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, टीसीएलसीसी के अध्यक्ष तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा